चमोली। पंजाब के कपूरथला जिले में हत्या के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को पंजाब पुलिस ने उत्तराखंड के चमोली जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर एक लंगर में सेवा कर रहा था…जहां पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर उसे पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार कपूरथला में अप्रैल 2026 में हुई एक हत्या के मामले में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इनमें से दो आरोपियों की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी थी…जबकि तीन आरोपी फरार चल रहे थे।
पुलिस को सूचना मिली थी कि फरार आरोपी नवजोत सिंह उर्फ मोना हेमकुंड साहिब यात्रा क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद पंजाब पुलिस ने उत्तराखंड पुलिस के सहयोग से उसकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान उसके चमोली जिले में होने की जानकारी सामने आई।
बताया जा रहा है कि आरोपी कर्णप्रयाग क्षेत्र के पास हेमकुंड यात्रा मार्ग पर स्थित एक लंगर में सेवा कर रहा था। सूचना मिलने के बाद पंजाब और चमोली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी सादी वर्दी में श्रद्धालुओं के रूप में लंगर स्थल पर पहुंचे और स्थिति पर नजर बनाए रखी।
कुछ समय तक निगरानी करने के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान की पुष्टि की। पहचान पक्की होते ही टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया। बाद में आरोपी को पंजाब पुलिस अपने साथ ले गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ हत्या के मामले में कानूनी कार्रवाई पहले से चल रही है और आगे की जांच संबंधित एजेंसियों द्वारा की जाएगी।
