देहरादून: उत्तराखंड में कुछ बड़े उद्योगों के लिए बिजली महंगी हो सकती है। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) ने उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग को एक प्रस्ताव भेजा है। इसमें ओपन एक्सेस के जरिए दूसरे स्रोतों से बिजली खरीदने वाले उद्योगों पर 88 पैसे प्रति यूनिट अतिरिक्त सरचार्ज लगाने की सिफारिश की गई है।
यूपीसीएल का कहना है…कि जब बड़े उद्योग बाहर से बिजली खरीदते हैं…तो निगम को पहले से खरीदी गई बिजली का पूरा उपयोग नहीं हो पाता। इससे निगम को आर्थिक नुकसान होता है। इसी नुकसान की भरपाई के लिए अतिरिक्त सरचार्ज लगाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
प्रस्ताव के अनुसार अगर आयोग मंजूरी देता है तो अक्टूबर 2026 से मार्च 2027 तक यह अतिरिक्त शुल्क लागू किया जा सकता है। इसका असर केवल उन बड़े उद्योगों पर पड़ेगा जो ओपन एक्सेस व्यवस्था के तहत बाहर से बिजली खरीदते हैं।
यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने बताया कि फिलहाल यह सिर्फ प्रस्ताव है। अंतिम फैसला उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद ही करेगा। अभी किसी तरह की नई दर लागू नहीं हुई है।
