नैनीताल। नगर में दो दिनी लॉकडाउन को लेकर व्यापारियों में रोष है। जिसके चलते व्यापारियों ने शनिवार को दुकानें बंद कर, धरना प्रदर्शन का ऐलान किया है। साथ ही सरकार पर आरोप लगाया है कि लॉकडाउन में शराब की दुकान खोल वह अपना राजस्व वसूल रहा है।

शुक्रवार को राम सेवक सभा के प्रागण में नगर के व्यापारियों ने बैठक का आयोजन किया। इस दौरान यह निर्णय लिया गया कि शनिवार को सभी व्यापारियों की ओर से दुकानें बंद रहेगी। लेकिन राम सेवक सभा के प्रागण में एक घंटे का सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया जाएगा। व्यापार मंडल के अध्यक्ष किशन नेगी ने कहा कि नगर में शनिवार और रविवार को पर्यटन सीजन शुरू होने लगा था। लेकिन लॉकडाउन लगाने से सरकार व्यापारियों का दरकनार कर रही है। सरकार की ओर से शनिवार व रविवार को रेस्टोरेंट, गारमेंट्स या अन्य दुकान तो बंद की जा रही है, लेकिन शराब की दुकानों जरुरी वस्तुओं की सूची में रखकर खोले रहने के आदेश दिए हैं। जिससे सरकार अपना राजस्व वसूल रही है। इस मौके पर त्रिभुवन फल्याल, कमलेश ढौडियाल, रुचिर शाह, पुनित टंडन, जीत सिंह आनंद, मो. जावेद, मोहन नेगी, कैशाल मिश्रा, विक्की वर्मा, शीतल साह आदि मौजूद थे।