रामगढ़। शुक्रवार देर शाम करीब सात बजे पाटा सूपी निवासी तारा देवी (40) पत्नी भूपाल सिंह अपने बच्चों के साथ रिश्तेदारी से घर लौट रही थी। इस दौरान पाटा के समीप पहले से घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। गुलदार ने उसके चेहरे पर नाखून गड़ा दिए। महिला अैर बच्चों के शोर मचाने पर गुलदार वहां से भाग निकला। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से तारा को सीएचसी रामगढ़ में भर्ती कराया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है। भाजपा मंडल अध्यक्ष रामगढ़ कुंदन चिलवाल समेत ग्रामीणों ने बताया लंबे समय से क्षेत्र गुलदार का आतंक बना है। गुलदार के बच्चे भी हैं, इससे और अधिक खतरा बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग से पिंजरा लगाने के साथ क्षेत्र में गश्त कराने की मांग की है। नवीन मंडी समिति के अध्यक्ष मनोज साह ने इसकी जानकारी डीएफओ बीजूलाल टीआर को दी। उन्होंने क्षेत्र में पिंजरा लगाने और महिला को मुआवजा देने की मांग की।